राज्यउत्तर प्रदेश

ARTO Noida: गौतमबुद्ध नगर में एआरटीओ प्रशासन पद पर नंद कुमार ही रहेंगे, शासन ने तबादला आदेश किया निरस्त

ARTO Noida: गौतमबुद्ध नगर में एआरटीओ प्रशासन पद पर नंद कुमार ही रहेंगे, शासन ने तबादला आदेश किया निरस्त

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के एआरटीओ (प्रशासन) पद पर नंद कुमार ही कार्यरत रहेंगे। शासन ने इस पद पर किए गए नए तबादला आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसके बाद नंद कुमार के पास प्रवर्तन के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा।

इससे पहले गाजियाबाद में तैनात सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल मनोज कुमार मिश्रा को गौतमबुद्ध नगर का एआरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किए जाने के आदेश जारी किए गए थे। मनोज कुमार मिश्रा ने गाजियाबाद से ही इस पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया था और सोमवार से गौतमबुद्ध नगर में कार्यभार संभालने की तैयारी थी।

हालांकि, शासन ने बाद में अपने आदेश में संशोधन करते हुए उनके स्थानांतरण को निरस्त कर दिया। नए आदेश के अनुसार मनोज कुमार मिश्रा का तबादला अब सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अमरोहा के पद पर कर दिया गया है।

इस बदलाव के बाद गौतमबुद्ध नगर में एआरटीओ प्रशासन की जिम्मेदारी नंद कुमार के पास ही रहेगी। अधिकारियों के अनुसार इससे विभागीय कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और प्रशासनिक व्यवस्था पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

आरटीओ प्रशासन गाजियाबाद प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शासन द्वारा आधा दर्जन से अधिक एआरटीओ अधिकारियों के स्थानांतरण आदेशों में संशोधन किया गया है। कुछ तबादलों को निरस्त करते हुए अधिकारियों को अन्य जिलों में नई तैनाती दी गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मनोज कुमार मिश्रा ने भले ही नए पद पर ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली थी, लेकिन 31 मई तक स्थानांतरण आदेशों में संशोधन संभव था। इसलिए शासन के संशोधित आदेश के अनुसार नई तैनाती लागू कर दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में किसी प्रकार के भ्रम की स्थिति नहीं है और सभी नियुक्तियां शासन के नवीनतम आदेशों के अनुसार प्रभावी होंगी।

Related Articles

Back to top button