Burglary Gang Busted: चोरी की बाइक से व्यापारियों के घरों में सेंध लगाते थे बदमाश, तीन गिरफ्तार

Burglary Gang Busted: चोरी की बाइक से व्यापारियों के घरों में सेंध लगाते थे बदमाश, तीन गिरफ्तार

जेवर क्षेत्र में व्यापारियों के घरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हरियाणा के अपराधी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी पहले क्षेत्र से बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हीं बाइकों का उपयोग व्यापारियों के मकानों में चोरी करने के लिए करते थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपी महिलाओं के दुपट्टों से अपना चेहरा ढक लेते थे।

पुलिस के अनुसार 5 जून को मोहल्ला सराय नैन सिंह निवासी प्रमोद गुप्ता ने उनके घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अगले दिन रामपुर बांगर निवासी जयपाल ने दो बाइकों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए जेवर पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस शनिवार देर रात सिरसा माचीपुर के पास वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी तेजपाल उर्फ छोटा बनिया, भगतजी कॉलोनी निवासी कृष्ण उर्फ कुटनिया और जेवर के गांव साहबनगर निवासी गौरव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हीं बाइकों से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके साथ राहुल, हेमंत और अजय नाम के अन्य साथी भी शामिल हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है और उनके खिलाफ जेवर समेत हरियाणा में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img