दिल्ली

Amrit Bharat Express : कोयंबटूर से धनबाद तक पहली सीधी ट्रेन, 6 राज्यों को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी

Amrit Bharat Express : कोयंबटूर से धनबाद तक पहली सीधी ट्रेन, 6 राज्यों को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी

रिपोर्ट: अभिषेक ब्याहुत

नई दिल्ली, 11 मार्च : भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से कई नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें, दो एक्सप्रेस ट्रेनें और एक पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। इसके अलावा केरल के एर्नाकुलम से भी एक नई पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। इन नई ट्रेनों से तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड के लाखों यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।

कोयंबटूर से धनबाद तक पहली सीधी ट्रेन

नई शुरू होने वाली पोडनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस कोयंबटूर के औद्योगिक क्षेत्र को पहली बार झारखंड के धनबाद से सीधे जोड़ेगी। यह ट्रेन सलेम, रेनीगुंटा, विजयवाड़ा, झारसुगुड़ा और रांची जैसे महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी। अभी तक इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलनी पड़ती थी, जिससे यात्रा लंबी और असुविधाजनक हो जाती थी। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से दक्षिण भारत के टेक्सटाइल उद्योग और पूर्वी भारत के कोयला व इस्पात क्षेत्र के बीच संपर्क और मजबूत होगा।

दक्षिण भारत से हैदराबाद तक नई रेल सुविधा

रेलवे की दूसरी नई अमृत भारत एक्सप्रेस नागरकोइल से चारलापल्ली के बीच चलेगी, जो हैदराबाद के पास स्थित है। इस ट्रेन से कन्याकुमारी, तमिलनाडु और केरल के तटीय इलाकों के यात्रियों को तेलंगाना तक सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सेवा खासतौर पर छात्रों, कामगारों और व्यापारियों के लिए काफी उपयोगी मानी जा रही है।

रेलवे इस अवसर पर दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें भी शुरू करेगा। इनमें रामेश्वरम–मंगलुरु एक्सप्रेस और तिरुनेलवेली–मंगलुरु एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से तीर्थयात्रियों को रामेश्वरम से सीधे मंगलुरु तक यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों के बीच रेल यात्रा और अधिक आसान हो जाएगी। इससे कोयंबटूर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी पश्चिमी तट तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

कावेरी डेल्टा और केरल को भी फायदा

कावेरी डेल्टा क्षेत्र के लिए भी रेलवे नई सुविधा शुरू कर रहा है। मयिलादुथुरै–थिरुवारूर–करैकुडी पैसेंजर ट्रेन से कृषि प्रधान जिलों के लोगों को बेहतर रेल सेवा मिलेगी। इसके अलावा पलक्कड़–पोल्लाची पैसेंजर ट्रेन सेवा से तमिलनाडु और केरल के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

केरल में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तीन रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है। इन स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, फ्री वाई-फाई और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही शोरनूर–नीलांबुर रेल लाइन के लगभग 65 किलोमीटर लंबे खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिससे ट्रेन संचालन तेज, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को विशेष रूप से आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इन ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच के साथ आधुनिक डिजाइन, बेहतर सीटिंग व्यवस्था और लगभग 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की क्षमता है। किफायती किराये और लंबी दूरी की सुविधाजनक यात्रा के कारण यह ट्रेन सेवा देश के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button