Ambedkar Mahaparinirvan Divas: महापरिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देने उमड़े हजारों लोग, बसपा नेताओं ने भी दी पुष्पांजलि

Ambedkar Mahaparinirvan Divas: महापरिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देने उमड़े हजारों लोग, बसपा नेताओं ने भी दी पुष्पांजलि
नोएडा। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर हजारों अनुयायी और बसपा समर्थक तीन राज्यों से पहुंचे। लोग बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे थे। इस अवसर पर बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद भी पहुंचे और उन्होंने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आकाश आनंद ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रेरित किया।
इस बार बसपा ने महापरिनिर्वाण दिवस को राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल में बड़े कार्यक्रम के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया था। पहले कार्यक्रम में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को आमंत्रित किया गया था, लेकिन सुरक्षा और भीड़ के कारण उन्होंने स्वयं उपस्थित न होने का निर्णय लिया। इसके बावजूद, शनिवार को तय कार्यक्रम के अनुसार आनंद कुमार और आकाश आनंद पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान आकाश आनंद ने सीढ़ियों से उतरते समय हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस मौके पर बसपा के जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, लोकसभा चुनाव लड़ चुके सतवीर नागर, दादरी विधानसभा से चुनाव लड़े मनवीर भाटी सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से आए कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह खास तौर पर देखा गया। आकाश आनंद के आसपास कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भीड़ थी, जिन्होंने उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साह दिखाया। सुरक्षा कर्मियों की मदद से उन्हें प्रतिमा तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम स्थल पर लोग समूहों में अलग-अलग प्रतिमाओं के पास सेल्फी लेते नजर आए।
सोशल मीडिया पर बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की, लेकिन एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने लिखा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके परिनिर्वाण दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि। साथ ही उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे हर स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का सहयोग करें।
इस कार्यक्रम ने न केवल बाबा साहेब के योगदान को याद करने का अवसर दिया, बल्कि बसपा कार्यकर्ताओं में एकजुटता और उत्साह भी दिखाया।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





