Delhi: आप सांसद संजय सिंह ने की SMA पीड़ित बच्ची जैसवी के इलाज में मदद की अपील

आप सांसद संजय सिंह ने की SMA पीड़ित बच्ची जैसवी के इलाज में मदद की अपील

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 10 महीने की बच्ची जैसवी यादव की जान बचाने के लिए देशवासियों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई। जैसवी स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी टाइप-1 नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिसके इलाज के लिए आवश्यक इंजेक्शन की कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है। संजय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि जैसवी के पिता प्रशांत यादव भारतीय वायुसेना में एयरमैन हैं और देश की सेवा कर रहे हैं, ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उनकी बेटी को बचाने में मदद करें।

संजय सिंह ने कहा, “मैंने पहले भी संसद में एसएमए के इलाज के लिए सरकार से पहल करने की मांग की थी और इस बार भी मैं इस मुद्दे को उठाऊंगा। मेरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील है कि वह इन बच्चों के इलाज में मदद के लिए पीएम रिलीफ फंड से योजना बनाएं और अमेरिकी सरकार से दवा की कीमत कम करवाने के लिए बात करें।”

उन्होंने कहा कि जैसवी के इलाज के लिए अब तक करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये जुटाए जा चुके हैं, लेकिन अभी भी बड़ी राशि की जरूरत है। संजय सिंह ने अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान करते हुए देशवासियों से अपील की कि वे जैसवी के इलाज में अपना सहयोग प्रदान करें ताकि उसकी जिंदगी बचाई जा सके।

जैसवी के पिता प्रशांत यादव ने भी देशवासियों से अपनी बेटी के इलाज में मदद की अपील की है। जैसवी की मदद के लिए क्राउड फंडिंग प्लेटफॉर्म इंपैक्ट गुरु पर एक अकाउंट भी बनाया गया है, जहां इच्छुक व्यक्ति योगदान कर सकते हैं।

SMA से पीड़ित बच्चों के लिए संजय सिंह का अभियान

संजय सिंह ने एसएमए से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए अभियान चलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि देश में कई बच्चे इस बीमारी से ग्रसित हैं और उनके इलाज के लिए भारी धनराशि की आवश्यकता होती है, जिसे जुटाना एक सामान्य परिवार के लिए असंभव है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस बीमारी के इलाज के लिए खास योजना बनाने की अपील की है ताकि इन मासूम बच्चों का जीवन बचाया जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img