आईएलबीएस, नई दिल्ली:हेपेटाइटिस अवेयरनेस के लिए सिनेमाघरों में लघु फिल्म दिखाएगा बॉलीवुड

आईएलबीएस, नई दिल्ली, 4 दिसम्बर : जाने-माने फिल्म निर्माता और बॉलीवुड के दिग्गज बोनी कपूर ने देश भर के सिनेमाघरों में दिखाई जाने वाली फीचर फिल्मों में हेपेटाइटिस पर एक छोटी जागरूकता फिल्म पेश करने का वादा किया है। वे नई दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) में मनाए जा रहे 27वें हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर बोल रहे थे।

उन्होंने अपनी हालिया फिल्मों में से एक के सुपरहिट डायलॉग ‘एक बार जो मैंने कमिटमेंट कर दी, तो फिर मैं अपने आप की भी नहीं सुनता!’ को दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोहराकर अपनी बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीलिया और हेपेटाइटिस लिवर की दो ऐसी आम बीमारियां हैं, जिनके बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाए जाने की जरूरत है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र ने आईएलबीएस के एपीजे अब्दुल कलाम ऑडिटोरियम में बुधवार को किया।

धर्मेंद्र ने वायरल हेपेटाइटिस के बोझ को कम करने के लिए जांच, टीकाकरण व प्रारंभिक निदान की संख्या में इजाफा करने का आह्वान किया। साथ ही स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए फिल्म उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों को शामिल करने के प्रयासों की सराहना की। स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एल.एस. चांगसन ने कहा कि राष्ट्रीय फैटी लिवर न्यूनीकरण पहल – विजन 2047 कार्यक्रम के माध्यम से देश में फैटी लिवर की समस्या का समाधान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 13 करोड़ से अधिक रोगियों की जांच की गई है और 4 लाख से अधिक को मुफ्त इलाज मिला है।

वहीं, आईएलबीएस के निदेशक डॉ. एस.के. सरीन ने समग्र स्वास्थ्य में लीवर के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला, तथा लीवर की खराबी और मधुमेह, रक्तचाप और हृदय रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों के बीच संबंध पर जोर दिया। उन्होंने स्वस्थ लीवर को बनाए रखने के लिए सरल लेकिन प्रभावी तरीके बताए।इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को हेपेटाइटिस बी के मुफ्त टीके लगवाने, सामान्य मानवशास्त्रीय माप लेने और हेपेटाइटिस बी और सी के लिए स्क्रीनिंग के साथ-साथ फाइब्रोस्कैन और रक्त परीक्षण का लाभ उठाने का अवसर भी मिला।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img