Dehradun : देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे।
कार्मिक विभाग ने बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति दी है।
इस निर्णय से जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा और वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन तथा उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसरों की व्यवस्था हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना उद्देश्य है।


