Greater Noida Road Rage: गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला, चार अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास रोडरेज के विवाद में एक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार शाम चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के मयूर विहार निवासी चमन प्रकाश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा स्वयं यादव गलगोटिया यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात स्वयं यादव यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी से कुछ दूरी पर दूसरी कार में सवार लोगों के साथ उसका विवाद हो गया।
आरोप है कि दूसरी कार ने छात्र की कार में टक्कर मार दी। जब स्वयं यादव ने इसका विरोध किया, तो कार सवार आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ उसके पास पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। रोडरेज के मामूली विवाद में छात्र पर चाकू से हमला किए जाने की इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


