Hapur News : हापुड़ में शुक्रवार को किसानों ने जिला कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के नेतृत्व में किसान गन्ना लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष पवन हुण ने कहा कि खाद, बीज, डीजल समेत खेती में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिससे खेती की लागत बढ़ गई है। ऐसे में किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।
किसानों ने सात मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया जिसमें बारिश से प्रभावित किसानों को फसल का मुआवजा देना, आलू का बीज सस्ती दरों पर उपलब्ध कराना, यूरिया और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना और सर्किल रेट बढ़ाना शामिल है। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
धरना प्रदर्शन के दौरान राधेलाल त्यागी, दुर्गेश तोमर, सुधीर त्यागी, भीम त्यागी, संजय, प्रवीण और जितेंद्र नागर समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


