Food Safety Inspection: नोएडा में मिलावट की आशंका पर 40 किलो सरसों का तेल जब्त, खाद्य पदार्थों के 10 से अधिक नमूने लिए
नोएडा में त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 10 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों व प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। मिलावट की आशंका और पैकेजिंग पर जरूरी जानकारी अंकित नहीं होने के कारण करीब 40 किलोग्राम सरसों का तेल जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त द्वितीय सर्वेश कुमार ने बताया कि टीम ने सेक्टर-63, सेक्टर-67 और सेक्टर-68 स्थित मिठाई एवं नमकीन फैक्टरियों का निरीक्षण किया। यहां खोया और नमकीन में इस्तेमाल होने वाले टकाटक मसाले के नमूने लिए गए। इसके अलावा दादरी स्थित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रोजो से वैद्यनाथ शहद के दो नमूने लिए गए। शहद के पैकेट पर उपयोग की अंतिम तिथि यानी यूज बाय डेट अथवा एक्सपायरी डेट अंकित नहीं होने के कारण उसे जब्त कर लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सेक्टर ईकोटेक-1 स्थित एक पिज्जा कंपनी की बेस किचन का भी निरीक्षण किया। यहां खुले और पैक रिफाइंड सोयाबीन तेल, पनीर तथा वेज मोमोज के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थ तैयार करने और रखने वाले स्थानों पर स्वच्छता के नियमों का पालन करना आवश्यक है।
इसी क्रम में सेक्टर-44 स्थित स्विग्गी इंस्टामार्ट और सेक्टर-142 स्थित बिग बॉस्केट स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने तथा आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नोटिस जारी किए गए। मेरठ से आई टीम ने तुगलपुर स्थित जेप्टो स्टोर का भी निरीक्षण किया और वहां से भुने चने का नमूना लिया। स्टोर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, लेकिन अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण संबंधित प्रबंधन को नोटिस दिया गया।
वहीं, नॉलेज पार्क-3 स्थित फ्लिपकार्ट स्टोर की जांच के दौरान सरसों के तेल का नमूना लिया गया। तेल के पैकेट पर बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि जैसी जरूरी जानकारी अंकित नहीं होने के कारण करीब 40 किलोग्राम सरसों का तेल जब्त कर लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है। त्योहारों के दौरान मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और स्वच्छता की जांच जारी है।
