Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : जनपद में मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार रात एक देवर ने अपनी भाभी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के भाईपुरा गांव का है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8 बजे आरोपी और 50 वर्षीय बीना के परिवार के बीच मकान के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बीना पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उनकी जीभ भी कट गई। उपचार से पहले ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मकान के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



