Greater Noida Crime: नहर में मिली महिला की लाश, पति ने बताया हादसा; भाई ने लगाया हत्या का आरोप
Greater Noida Crime: नहर में मिली महिला की लाश, पति ने बताया हादसा; भाई ने लगाया हत्या का आरोप
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में भट्टा गांव के पास रविवार देर रात नहर में 26 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव पुलिस चेकपोस्ट से कुछ ही दूरी पर बरामद हुआ। घटनास्थल के पास ही महिला के पति की थार गाड़ी भी नहर में डूबी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, सोमवार दोपहर तक मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
मृतका की पहचान रीना के रूप में हुई है। उसके पति मोहित ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मथुरा से लौट रहे थे। भट्टा गांव के पास पुलिस चेकपोस्ट के नजदीक अचानक उनकी थार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन नहर में जा गिरा। मोहित के मुताबिक, वह किसी तरह गाड़ी से बाहर निकल आया, लेकिन रीना गहरे पानी में डूब गई। काफी प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
भाई ने हादसा मानने से किया इनकार
दूसरी ओर, बुलंदशहर जिले के खारोल गांव निवासी रीना के भाई सोनू ने घटना को हादसा मानने से इनकार किया है। उसने अपने जीजा मोहित पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। सोनू के मुताबिक, रीना की शादी भट्टा गांव निवासी मोहित से करीब छह वर्ष पहले हुई थी। दोनों का पांच वर्षीय बेटा भी है।
सोनू का आरोप है कि पिछले करीब 20 दिनों से रीना फोन पर अपने पति द्वारा तलाक लेने का दबाव बनाए जाने की बात कह रही थी। हालांकि, जब मायके पक्ष के लोग ससुराल वालों से बातचीत करते थे तो परिवार की ओर से सब कुछ सामान्य बताया जाता था।
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
रीना के भाई सोनू ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी दिए जाने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। उन्होंने पुलिस पर पति से पैसे लेकर मामले में समझौता कराने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, मोहित ने ही रविवार देर रात फोन कर हादसे और रीना के नहर में डूबने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि थार नहर में किस परिस्थितियों में गिरी और महिला की मौत वास्तव में हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।