Kanwar Yatra: कांवड़ियों की सेवा के लिए नोएडा में 750 क्षमता का हॉल आरक्षित

Kanwar Yatra: कांवड़ियों की सेवा के लिए नोएडा में 750 क्षमता का हॉल आरक्षित

नोएडा। सावन माह के साथ शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा में प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के अलग-अलग स्थानों पर कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर परिसर में भी कांवड़ सेवा शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजकों के मुताबिक शिविर करीब 50 प्रतिशत तैयार हो चुका है और अगले दो दिनों में इसे पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा।

शनि मंदिर समिति के सचिव राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कांवड़ियों के लिए अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए उनके विश्राम के लिए 750 से अधिक लोगों की क्षमता वाला एक हॉल आरक्षित किया गया है। हॉल में कूलर और पंखे समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

शिविर तक कांवड़ियों के सुगम आवागमन के लिए पक्की सड़क की व्यवस्था भी की गई है। सोमवार को नोएडा प्राधिकरण की ओर से क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया। आयोजकों के अनुसार शिविर में कांवड़ियों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बारिश से निपटने के लिए वाटरप्रूफ टेंट

पिछले वर्ष बारिश के कारण कांवड़ियों को हुई परेशानियों को देखते हुए इस बार शिविर में वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि बारिश के दौरान भी श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए पहले से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से पूरे क्षेत्र में व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता मिल सके।

ड्रोन से होगी कांवड़ियों की निगरानी

शनि मंदिर समिति के सचिव राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बार नोएडा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखेगी। कांवड़ियों की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग कैमरों से लैस ड्रोन के जरिए आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोकना है।

पुलिस और प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्ग तथा सेवा शिविरों के आसपास भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण माहौल में यात्रा पूरी कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कांवड़ यात्रा को लेकर बाजार में बढ़ी मांग

कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा के बाजारों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। वस्त्र कारोबारियों के अनुसार प्रदेशभर से करीब दो महीने पहले ही भगवान की प्रतिमा, त्रिशूल और ‘ॐ नम: शिवाय’ मंत्र की प्रिंटिंग वाली टी-शर्ट के ऑर्डर मिलने शुरू हो गए थे। अब इन ऑर्डरों की सप्लाई की जा रही है।

सेक्टर-18 अट्टा मार्केट और सेक्टर-27 की इंदिरा मार्केट के प्रमुख व्यापारी डॉ. सीबी झा ने बताया कि बाजारों में कांवड़ यात्रा से जुड़ा नया स्टॉक अगले तीन से चार दिनों में पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद दुकानों पर कांवड़ियों के लिए विशेष टी-शर्ट और अन्य सामान आसानी से उपलब्ध होने लगेगा। फिलहाल कुछ दुकानदार पिछले साल का बचा स्टॉक भी बिक्री के लिए निकाल रहे हैं।

शनि मंदिर के पास अतिक्रमण हटाया गया

कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच सोमवार दोपहर सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर के किनारे बसी अनधिकृत बस्ती को हटाया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की ओर से क्षेत्र को व्यवस्थित करने और कांवड़ियों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए यह कार्रवाई की गई।

 

Hot this week

Lucknow : नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस...

Topics

Lucknow : नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस...

Kanpur Murder Case: कार की छत पर युवक को लिटाकर डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, पुरानी रंजिश में बर्बरता के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर से मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर देने वाली दरिंदगी की वारदात सामने आई है। शहर के बर्रा थाना क्षेत्र के अर्रा निवासी 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया को पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने पहल...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img