राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Authority: नोएडा की सोसाइटी में 19 वर्षीय घरेलू सहायिका फंदे पर लटकी, सर्वेंट रूम में मिला शव

Noida Authority: नोएडा की सोसाइटी में 19 वर्षीय घरेलू सहायिका फंदे पर लटकी, सर्वेंट रूम में मिला शव

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एटीएस प्रिस्टीन सोसाइटी में 19 वर्षीय घरेलू सहायिका ने रविवार रात कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

मृतका की पहचान सोनम (19) पुत्री रामपाल सिंह, निवासी ग्राम बासखेड़ा, थाना अटरिया, जिला सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सोनम पिछले करीब एक वर्ष से एटीएस प्रिस्टीन सोसाइटी में फ्लैट मालिक प्रशांत सिंह और उनकी पत्नी के यहां घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी। वह सोसाइटी के फ्लैट में बने सर्वेंट रूम में ही रहती थी।

थाना नॉलेज पार्क पुलिस को सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे डायल-112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सोसाइटी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनम ने रविवार रात किसी समय अपने कमरे में फंदा लगा लिया था।

पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद सोसाइटी में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Related Articles

Back to top button