रंगदारी न देने पर कर्मचारी ने ठेले वाले को पीटा

अमर सैनी

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारी और उसके साथियों ने रंगदारी नहीं देने पर गन्ने के रस का ठेला लगाने वाले युवक पर लोहे की रॉड और पेचकस से हमला कर दिया। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित युवक की बहन ने सेक्टर-113 थाने में तीन नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इस मामले में घटना के छह दिन बाद केस दर्ज हुआ।
बुलंदशहर के जहांगीराबाद निवासी क्षमा रानी ने बताया कि उनका भाई नितिन शर्मा पर्थला खंजरपुर में पुश्ता रोड पर रहता है। वह सेक्टर-122 स्थित शिव मंदिर के सामने ठेला लगाकर गन्ने का रस बेचने का काम करता है। आरोप है कि 12 अप्रैल की रात ठेले पर राकेश यादव, पितम और कुंदन पहुंचे। तीनों ने उनके भाई से रुपये की मांग की। रुपये न देने पर राकेश यादव ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि वह नोएडा प्राधिकरण का कर्मचारी है और उसने आइडी कार्ड भी दिखाया। इसके बाद राकेश यादव और उसके साथियों ने मौके पर आठ से 10 लोगों को बुला लिया। सभी ने मिलकर नितिन शर्मा के ऊपर रॉड, पेचकस और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में नितिन का सिर फट गया और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहां मौजूद यशपाल और अन्य लोगों ने नितिन को किसी तरह बचाया। लोगों को घटनास्थल पर एकत्र होता देख आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। यशपाल ने घटना की जानकारी घायल युवक की बहन को दी। इसके बाद वह अपने घायल भाई को लेकर थाने पहुंचीं। पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल कराया। एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img