बुजुर्ग दंपति का डेबिट कार्ड चोरी कर साढ़े चार लाख हड़पे

अमर सैनी

नोएडा। सेक्टर पी-3 में रहने वाले बुजुर्ग दंपति की देखभाल के लिए रखे गए केयरटेकर ने धोखाधड़ी कर डेबिट कार्ड से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में दंपति के दामाद ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर बीटा दो कोतवाली में केस दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नोएडा सेक्टर-47 में रहने वाले गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया की सेक्टर पी-3 में उनके बुजुर्ग सास-ससुर अकेले रहते हैं। उन्होंने सास-ससुर की देखभाल के लिए दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से राकेश नाम के केयरटेकर को रखा था। आरोप है कि केयरटेकर ने बुजुर्ग दंपति का डेबिट कार्ड चोरी कर लिया। इसके बाद कई बार में खाते से 4,33,626 रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी घर से भाग गया। दंपति ने इसकी सूचना अपने दामाद को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर बीटा दो कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी केयरटेकर की तलाश में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img