उत्तर प्रदेश : कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पर्व की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने अनूपशहर गंगा घाट तथा आहार स्थित अम्बकेश्वर महादेव मंदिर का भ्रमण किया।

अनूपशहर गंगा घाट पर जिलाधिकारी श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने पहुंचकर कांवड़ यात्रियों द्वारा गंगा से जल भरने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों का दौरा कर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल भरने आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इसके बाद अधिकारियों ने आहार गांव स्थित अम्बकेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। डीएम और एसएसपी ने मंदिर परिसर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के सुचारु जलाभिषेक के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंदिर परिसर में आने-जाने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ का सुचारु संचालन हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जलाभिषेक की प्रक्रिया पूरी तरह सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए और किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मंदिर में स्वयं जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर एसडीएम प्रियंका गोयल, सीओ विकास प्रताप चौहान सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img