Noida Metro: एक्वा लिंक लाइन का बदला अलाइनमेंट, सेक्टर-44 के बाहर से गुजरेगी मेट्रो

Noida Metro: एक्वा लिंक लाइन का बदला अलाइनमेंट, सेक्टर-44 के बाहर से गुजरेगी मेट्रो
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक प्रस्तावित एक्वा लिंक लाइन परियोजना के अलाइनमेंट में बड़ा बदलाव किया है। सेक्टर-44 के निवासियों की आपत्तियों को देखते हुए अब मेट्रो लाइन को सेक्टर के अंदर से ले जाने के बजाय बाहर से गुजारा जाएगा। इस बदलाव से परियोजना की लंबाई करीब एक किलोमीटर बढ़ जाएगी, वहीं इसकी लागत में लगभग 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त इजाफा होने का अनुमान है।
एनएमआरसी के अनुसार, संशोधित योजना के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद करीब दो लाख लोगों को सीधे बेहतर मेट्रो सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट की दिल्ली-एनसीआर के अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी भी पहले से अधिक मजबूत होगी।
नई लिंक लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन से जुड़ेगी। इससे यात्रियों को इंटरचेंज की बेहतर सुविधा मिलेगी और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा जेवर एयरपोर्ट की यात्रा अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
संशोधित अलाइनमेंट के अनुसार मेट्रो लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन से शुरू होकर सेक्टर-44 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के गेट नंबर-4 के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट तक पहुंचेगी, जहां पहला स्टेशन बनाया जाएगा। इसके बाद लाइन दाईं ओर मुड़कर सेक्टर-44 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क को पार करते हुए ग्रीन बेल्ट के रास्ते सेक्टर-142 तक जाएगी।
अलाइनमेंट में बदलाव के बाद परियोजना की कुल लंबाई 11.56 किलोमीटर से बढ़कर 12.56 किलोमीटर हो जाएगी। वहीं इसकी अनुमानित लागत 2254.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 2354.35 करोड़ रुपये पहुंचने की संभावना है। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि एक्वा लाइन विस्तार और लिंक लाइन निर्माण के लिए नौ कंपनियों ने आवेदन किया है। तकनीकी मूल्यांकन पूरा होने के बाद एक महीने के भीतर निर्माण कार्य का ठेका जारी कर दिया जाएगा।
परियोजना में रुचि दिखाने वाली कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड, रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल), मिलन रोड बिल्डटेक एलएलपी, जे कुमार इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड, दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड, एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, रणजीत बिल्डकॉन लिमिटेड, सेम इंडिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड शामिल हैं। तकनीकी जांच के बाद इनमें से एक कंपनी को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
इस मेट्रो कॉरिडोर पर बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96 (नोएडा प्रशासनिक भवन), सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93, पंचशील बालक इंटर कॉलेज और सेक्टर-142 सहित कुल आठ स्टेशन होंगे। इसके अलावा डिपो से बोड़ाकी तक विस्तार के दौरान जूनापत और बोड़ाकी नाम से दो नए स्टेशन भी विकसित किए जाएंगे।





