Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेगी 120 मीटर चौड़ी नई सड़क, कनेक्टिविटी होगी और मजबूत

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेगी 120 मीटर चौड़ी नई सड़क, कनेक्टिविटी होगी और मजबूत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए एक और बड़ी सड़क परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा 120 मीटर चौड़ी नई सड़क को एयरपोर्ट से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
यह सड़क सलारपुर अंडरपास से सेक्टर-22ई तक पहले से लगभग आठ किलोमीटर तक बनी हुई है, जबकि करीब दो किलोमीटर का हिस्सा अभी निर्माणाधीन है। अब इस मार्ग को लगभग पांच किलोमीटर और आगे बढ़ाकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इंटरचेंज के पास फलैदा कट से जोड़ा जाएगा। इस विस्तार के बाद एयरपोर्ट तक सीधा और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।
यीडा के अधिकारियों के अनुसार यमुना एक्सप्रेसवे के दाहिनी ओर 15.10 किलोमीटर लंबी और 120 मीटर चौड़ी इस सड़क के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए तकीपुर बांगर समेत कई गांवों के किसानों से जमीन खरीद की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह सड़क क्षेत्र के 13 से अधिक सेक्टरों के लिए मुख्य कनेक्टिविटी मार्ग के रूप में विकसित की जा रही है।
इस सड़क के बनने से सेक्टर-24, 24ए, 25, 22ए, 22बी, 22सी, 22डी, 22ई, 22एफ, 23ए, 23बी, 23सी, 23डी और 23ई सहित कई आवासीय, संस्थागत और मिक्स लैंड सेक्टरों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में इस मार्ग का बड़ा हिस्सा अधूरा है, लेकिन भूमि खरीद प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्माण कार्य को गति मिलने की संभावना है।
प्राधिकरण का कहना है कि यह पूरी सड़क सलारपुर से फलैदा कट तक विकसित की जाएगी, जहां पहले से ही यमुना और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला इंटरचेंज मौजूद है। इससे भविष्य में एयरपोर्ट तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा।
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह 120 मीटर चौड़ी सड़क एक महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस मार्ग को 130 मीटर रोड और पलवल-खुर्जा मार्ग से भी जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिलेगी।





