राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : गर्मी से राहत के लिए दिल्ली में 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स रवाना

New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन यूनिट्स का उद्देश्य भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान लोगों को त्वरित राहत पहुंचाना है। इस अवसर पर हीट एक्शन प्लान 2026 की बुकलेट भी जारी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती गर्मी की चुनौती से निपटने के लिए सरकार व्यापक और जन-केंद्रित कदम उठा रही है ताकि नागरिकों को बेहतर सुरक्षा मिल सके।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और रवीन्द्र इन्द्रराज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं को जमीन पर लागू कर सीधे लोगों तक राहत पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से सभी 13 जिलों के लिए 13 मोबाइल यूनिट्स तैयार की गई हैं, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर सहायता प्रदान करेंगी। ‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग’ अभियान को नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता बताया गया।

हीट एक्शन प्लान 2026 को सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। दिहाड़ी मजदूरों, निर्माण श्रमिकों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, बेघर लोगों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। निर्माण और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक काम रोकने और विश्राम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूलों में बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए वॉटर बेल सिस्टम लागू किया गया है और दोपहर के समय आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 339 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस, आइस पैक और जरूरी दवाओं की उपलब्धता बढ़ाई गई है और कूल रूम स्थापित किए गए हैं।

सरकार ने सरकारी भवनों में वाटर कूलर और पेयजल डिस्पेंसर लगाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। योजना में जागरूकता अभियान, हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल संरक्षण और शहरी तापमान नियंत्रण जैसे दीर्घकालिक उपाय भी शामिल हैं। लोगों को लगातार हीटवेव से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक पानी पिएं, तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और जरूरत पड़ने पर 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता लें। सरकार ने भरोसा दिलाया कि भीषण गर्मी के दौरान कोई भी व्यक्ति राहत से वंचित नहीं रहेगा।

मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स में ठंडा पेयजल, ओआरएस, प्राथमिक उपचार की सुविधा, कॉटन गमछे और कैप उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक यूनिट में 400 से 500 लीटर क्षमता का पानी टैंक और आवश्यक राहत सामग्री रहेगी। ये यूनिट्स सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक श्रमिक चौक, बस अड्डों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संचालित होंगी।

प्रत्येक जिले में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की तैनाती की गई है, जो अगले तीन महीनों तक इन यूनिट्स के संचालन में सहयोग करेंगे। रोजाना ओआरएस पैकेट, गमछे और कैप वितरित किए जाएंगे। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ईको-फ्रेंडली डिस्पोजेबल ग्लास और उचित कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

Related Articles

Back to top button