Uttar Pradesh : हापुड़ में इंटर कॉलेज में छात्रा से अश्लीलता के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

Hapur News : जनपद हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं की छात्रा से अश्लीलता करने के आरोप में पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कॉलेज की प्रबंध समिति भी बृहस्पतिवार को बैठक कर बड़ी कार्रवाई कर सकती है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को आरोपी शिक्षक विजय कुमार मित्तल निवासी स्वर्ग आश्रम रोड को दिल्ली रोड से गिरफ्तार किया। छात्रा ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि अर्थशास्त्र विषय के शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल ने उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है और गले लगाना चाहता है। उसने यह भी कहा कि जब वह घर पर अकेली हो तो उसे बुला ले।
आरोप है कि शिक्षक ने यह बात कई बार स्कूल में कक्षा के अंदर, कक्षा के बाहर कही। विरोध करने पर आरोपी ने उसका करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी। सीओ ने बताया कि प्रकरण में पहले ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





