Uttar Pradesh : हापुड़ में खाद्य विभाग की छापेमारी, 15 किलो लाल मिर्च सीज, धनिया-मिर्च पाउडर के सैंपल लिए

Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान जनपद में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए गए और 15 किलोग्राम लाल मिर्च को सीज किया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने गोयना गांव स्थित चोकडायत एग्रो इंडस्ट्रीज में निरीक्षण किया। यहां से धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर का एक-एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।

इसके अलावा फ्रीगंज रोड, हापुड़ स्थित नवीन ट्रेडर्स निर्माण इकाई पर भी कार्रवाई की गई। यहां से खुली लाल मिर्च कुटी का एक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से 15 किलोग्राम खुली लाल मिर्च कुटी भी बरामद की गई, जिसे संदेहास्पद पाए जाने पर सीज कर दिया गया। सीज किए गए उत्पाद की अनुमानित कीमत 3,750 रुपये बताई गई है।

सहायक आयुक्त चंद्र शेखर मिश्र ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img