Uttar Pradesh : स्मार्ट मीटर के विरोध में हापुड़ की महिलाओं का प्रदर्शन

Hapur News : जनपद हापुड़ के रामगढ़ी क्षेत्र की महिलाओं ने सोमवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में आनंद विहार बिजलीघर पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों के साथ बिजलीघर पहुंचीं और मीटर हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश जताते हुए “हमारी मांगे पूरी करो” के नारे लगाए और धरने पर बैठ गईं।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र के अधिकांश परिवार मेहनत मजदूरी कर अपना गुजारा करते हैं, ऐसे में एडवांस में बिजली बिल जमा करना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले महीने के अंत में बिल जमा करने की सुविधा थी, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब हर दिन बिजली कटने की समस्या सामने आ रही है, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, तब अधिकारियों ने जल्द राहत देने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते सोमवार को उन्होंने फिर से बिजलीघर पहुंचकर हंगामा किया और मीटर हटाने की मांग दोहराई।
धरने के दौरान महिलाओं ने साफ कहा कि मोहल्ले में स्मार्ट मीटर किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और इन्हें हटाना ही होगा। मौके पर पहुंचे एसडीओ और अवर अभियंता देवेश ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद किसी तरह स्थिति शांत हुई।
प्रदर्शन में संतोष, प्रभा, सावित्री, ईश्वर, राखी, सीमा, रजनी, आशा और मुनेश सहित कई महिलाएं शामिल रहीं। इस पूरे मामले पर अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि महिलाओं को स्मार्ट मीटर की विशेषताओं के बारे में जानकारी देकर शांत किया गया है और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कैंप भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी लोगों की जिज्ञासाएं दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।





