Delhi Fire Incident: वसंतकुंज यमुना अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर भीषण आग, फ्लैट जलकर खाक

Delhi Fire Incident: वसंतकुंज यमुना अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर भीषण आग, फ्लैट जलकर खाक
दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में स्थित यमुना अपार्टमेंट की हाई राइज बिल्डिंग की छठी मंजिल पर बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उसे काबू में करने के लिए दमकल विभाग की आठ गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन संबंधित फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
दमकल विभाग को दोपहर करीब 3:05 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी मौके पर बुलाना पड़ा। हाई राइज बिल्डिंग और रिहायशी इलाका होने के कारण फायरकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर CAT एंबुलेंस और पुलिस बल को भी तैनात किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद कूलिंग का काम शुरू किया गया। जिस फ्लैट में आग लगी थी वह काफी समय से बंद पड़ा था, इसी वजह से किसी भी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई, लेकिन फ्लैट पूरी तरह से जल गया।
आग लगते ही यमुना अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। धुएं और लपटों को देखकर लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर खड़े हो गए। कुछ समय के लिए पूरे परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।
यमुना अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एन एस मोर ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह एक हाई राइज बिल्डिंग है, लेकिन यहां का फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हुआ। उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार डीडीए की 30 वर्षों तक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी बनती है, लेकिन इसके बावजूद बिल्डिंग की सुरक्षा और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की हाई राइज इमारतों में फायर सेफ्टी इंतजामों और जिम्मेदार एजेंसियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए फायर सिस्टम की जांच और रखरखाव को गंभीरता से लिया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।





