राज्यउत्तर प्रदेश

Himachal: भारत भ्रमण से लौटे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से की भेंट, अनुभव साझा कर कहा थैंक्यू सर

Himachal: भारत भ्रमण से लौटे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से की भेंट, अनुभव साझा कर कहा थैंक्यू सर

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भारत भ्रमण से लौटे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ ने ओक ओवर, शिमला में मुलाकात कर अपने यादगार यात्रा अनुभव साझा किए। बच्चों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे खास और सीख से भरी यात्राओं में से एक रही, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके अनुभवों को बड़े ध्यान से सुना और उत्सुकता के साथ सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से गोवा प्रवास, क्रूज यात्रा, समुद्र के किनारे बिताए समय, हवाई जहाज की पहली उड़ान और बोर्डिंग पास की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने आगरा भ्रमण के अनुभवों के बारे में भी पूछा और यह जानने की कोशिश की कि इस पूरी यात्रा के दौरान बच्चों ने क्या-क्या नया सीखा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस यात्रा ने उन्हें देश को करीब से समझने का अवसर दिया।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि ऐसी यात्राएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त जरिया भी होती हैं। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस यात्रा से मिले अनुभवों को अपने जीवन की प्रेरणा बनाएं और आगे बढ़ने के लिए उनका उपयोग करें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत पहल है। उन्होंने कहा कि बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इन बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए कोचिंग सुविधा भी प्रदान की जाएगी और आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के माता-पिता नहीं हैं, उनके लिए सरकार ही माता-पिता की भूमिका निभा रही है। इन बच्चों का पालन-पोषण परिवार की तरह किया जा रहा है और उनके सर्वांगीण विकास के लिए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संपदा पर इन बच्चों का भी उतना ही अधिकार है और राज्य सरकार इस संपदा का उपयोग वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भारत भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक बुनियादी ढांचे और देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों से परिचित करवाना था, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक और अनुभवात्मक भ्रमण बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, सामाजिक चेतना और देश की विविधता के प्रति समझ विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों की यात्रा पर आधारित पुस्तिका ‘सपनों की उड़ान’ का विमोचन भी किया। साथ ही बच्चों के भारत भ्रमण पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित सभी लोग भावुक हो उठे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत सराहन, टूटीकंडी और मशोबरा स्थित बाल देखभाल संस्थानों में रहने वाले ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को 6 जनवरी 2026 को शिमला से एक विशेष शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भारत भ्रमण पर रवाना किया गया था। इस भ्रमण में कुल 52 बच्चों ने भाग लिया।

यात्रा कार्यक्रम के तहत बच्चों ने चंडीगढ़, दिल्ली, आगरा और गोवा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वोल्वो बस, वंदे भारत एक्सप्रेस, मेट्रो रेल, हवाई यात्रा, क्रूज यात्रा और हॉप-ऑन हॉप-ऑफ पर्यटन बस जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं का अनुभव प्राप्त किया।

दिल्ली प्रवास के दौरान बच्चों ने लाल किला, कुतुब मीनार, इंडिया गेट, राजघाट, शक्ति स्थल, वीर भूमि, हुमायूं का मकबरा, राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स, त्रिवेणी कला संगम और राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय का भ्रमण किया। इसके अलावा आगरा में ताजमहल देखकर बच्चों ने अपनी खुशी जाहिर की।

गोवा प्रवास के दौरान बच्चों ने उत्तर गोवा में कलंगुट, फोर्ट अगुआड़ा, अंजुना बीच, डोना पाउला, भारतीय समुद्र विज्ञान संस्थान और क्रूज यात्रा का आनंद लिया। वहीं दक्षिण गोवा में चर्च, मंगेशी मंदिर, वार्का बीच, पणजी शहर और स्पाइस गार्डन का भ्रमण कर बच्चों ने प्रकृति और संस्कृति के विविध रंगों को करीब से देखा।

इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रतन, विधायक विवेक शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button