दिल्ली

Vande Matrushakti Diwas: दिल्ली में आज 30 को होगा ‘वंदे मातृशक्ति महोत्सव’ का भव्य आयोजन

Vande Matrushakti Diwas: दिल्ली में आज 30 को होगा ‘वंदे मातृशक्ति महोत्सव’ का भव्य आयोजन

रिपोर्ट: रवि डालमिया

नई दिल्ली में आज ‘वंदे मातृशक्ति दीन’ के अवसर पर एक भव्य और प्रेरणादायी आयोजन किया जा रहा है। श्री गणेश सेवा मंडल दिल्ली (रजि.), लक्ष्मीनगर एवं रूपामाता फाउंडेशन धाराशिव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में संपन्न होगा। यह कार्यक्रम मातृभूमि प्रेम, मातृत्व संस्कार और भारतीय परंपरा में निहित मातृत्व के गौरवशाली मूल्यों को समर्पित है। वंदे मातृशक्ति माता पूजन दिवस 2025 के माध्यम से देशभर की महान माताओं को एक मंच पर सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने अपने त्याग, संस्कार और संघर्ष से समाज, परिवार और राष्ट्र को दिशा दी है। इस आयोजन का उद्देश्य मातृत्व की महत्ता को पुनः स्थापित करना और भावी पीढ़ी तक इसके मूल्यों को पहुंचाना है।

इस भव्य आयोजन के संयोजक श्री गणेश सेवा मंडल दिल्ली के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र लड्डा, रूपामाता फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट व्यंकट विश्वनाथ गुंड पाटिल तथा शास्त्रज्ञ एवं ‘स्किल बुक’ के जनक डॉ. किरण झरकर हैं। कार्यक्रम की संकल्पना, समन्वय और निर्माण में एडवोकेट व्यंकट गुंड पाटिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सनातन धर्म के प्रवर्तक कहे जाने वाले कालीपुत्र कालीचरण महाराज ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वंदे मातृशक्ति महोत्सव का आयोजन कर समाज की मातृशक्ति को प्रतीकात्मक रूप से स्मरण किया जा रहा है और उनके संस्कारों से राष्ट्रनिर्माण करने वाले पुत्रों को अलंकृत करने का यह एक पावन प्रयास है। उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्य समाज अपने पूर्वजों और मातृशक्ति को कभी नहीं भूल सकता, इसी भावना के साथ इस महोत्सव के माध्यम से माताओं के कार्यों को नई पहचान दी जाएगी।

कार्यक्रम के सह आयोजक एवं श्री गणेश सेवा मंडल दिल्ली (रजि.), लक्ष्मीनगर के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र लड्डा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग, नई दिल्ली की अध्यक्षा विजया रहाटकर करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश ज्ञानसुधा मिश्रा, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज सहित तीन महान संत एवं राष्ट्रप्रेरक विभूतियां उपस्थित रहेंगी। वहीं प्रमुख अतिथियों के रूप में श्रीमद् जगद्गुरु स्वामी राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के स्वामी रामदेव, अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य डॉ. लोकेश मुनी तथा दिल्ली के स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस अजय चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

रूपामाता फाउंडेशन धाराशिव के संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट व्यंकट गुंड पाटिल ने बताया कि ‘वंदे मातृशक्ति माता पूजन दीन’ केवल एक सांस्कृतिक या धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय समाज व्यवस्था में मातृत्व के स्थान, महत्व और गौरव की पुनर्स्थापना करने वाला एक मूल्यनिष्ठ राष्ट्रीय अभियान है। माता संस्कारों की मूल आधारशिला, परिवार का हृदय और समाज का नैतिक केंद्र होती है। इसी संदेश को देशभर में दृढ़ता से स्थापित करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। यह कार्यक्रम किसी एक माता को समर्पित श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि देश की सभी माताओं के त्याग, संघर्ष, ममत्व और संस्कारों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।

इस अवसर पर देशभर से चयनित अनेक माताओं को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन परिवार, समाज, संस्कृति, शिक्षा, सेवा और राष्ट्रहित के लिए समर्पित किया है। ऐसी माताओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे। मातृत्व की शक्ति, त्याग की सामर्थ्य और कुटुंब व्यवस्था के निर्माण में माताओं के अविस्मरणीय योगदान को मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातृशक्ति’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया जाएगा, जिसमें देश के आदर्श सुपुत्रों को गढ़ने वाली माताओं के प्रेरणादायी जीवन का वर्णन है। इस पुस्तक के लेखक डॉ. किरण झरकर हैं तथा इसकी संकल्पना एडवोकेट व्यंकट गुंड पाटिल और श्री महेंद्र लड्डा ने की है। यह ग्रंथ भारतीय माताओं के त्याग, संस्कार, कर्तृत्व और ममत्व को समर्पित एक प्रेरणादायी दस्तावेज है।

कार्यक्रम को और भी भव्य बनाने के लिए कालीपुत्र कालीचरण महाराज की भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें शिवतांडव, अभंग, देवी का गोंधल जैसी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। हभप पुरुषोत्तम महाराज पाटिल ‘आई माझी’ कविता का गायन करेंगे, हभप विशाल महाराज खोले पिंगळा और छत्रपति शिवाजी महाराज का पोवाड़ा प्रस्तुत करेंगे, जबकि हभप सोपान सानप शास्त्री महाराज अपने अभंग गायन से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संपूर्ण परिसर में अध्यात्म, भक्ति, संस्कार और भारतीय संस्कृति की दिव्य अनुभूति होगी।

यह आयोजन दो प्रतिष्ठित सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से साकार हो रहा है। रूपामाता फाउंडेशन धाराशिव मातृसन्मान और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए देशभर में सक्रिय है, जबकि श्री गणेश सेवा मंडल दिल्ली (रजि.), लक्ष्मीनगर पिछले 24 वर्षों से दिल्ली में गणेशोत्सव, निर्धन कन्या विवाह, गोपाष्टमी और अनेक समाजोपयोगी कार्यक्रमों का सफल आयोजन करता आ रहा है। वंदे मातृशक्ति महोत्सव इन दोनों संस्थाओं की सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरेगा।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

 

Related Articles

Back to top button