Delhi Airport Theft: इंडोनेशिया से लौटे यात्री के लगेज से 200 डॉलर चोरी, इंडिगो पर उठे सवाल

Delhi Airport Theft: इंडोनेशिया से लौटे यात्री के लगेज से 200 डॉलर चोरी, इंडिगो पर उठे सवाल

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर लगेज सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इंडोनेशिया के बाली से दिल्ली लौटे एक युवक के बैग से 200 अमेरिकी डॉलर और बीयर की एक बोतल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्री का आरोप है कि जब उनका बैग लगेज बेल्ट पर पहुंचा तो उसकी चेन और ताला टूटा हुआ था, जिससे साफ तौर पर छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली निवासी विकास अरोड़ा ने बताया कि वह 30 जनवरी को इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 1612 से बाली से दिल्ली पहुंचे थे। रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच उन्होंने टर्मिनल-3 पर लैंडिंग की। जब वह लगेज बेल्ट नंबर-11 पर अपना बैग लेने पहुंचे तो देखा कि बैग का ताला और चेन टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि बैग में रखे 200 डॉलर और बीयर की एक बोतल गायब है। बैग पर टैग नंबर 0312726174 लगा हुआ था।
घटना के तुरंत बाद विकास अरोड़ा ने एयरपोर्ट पर मौजूद इंडिगो के स्टाफ और सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। स्टाफ ने मौके पर ही टूटे ताले और चेन की तस्वीरें लीं और पीआईआर रिपोर्ट तैयार की। हालांकि, इसके बावजूद अभी तक यात्री को न तो चोरी हुआ सामान वापस मिला है और न ही किसी तरह का ठोस समाधान सामने आया है।
पीड़ित यात्री का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर इंडिगो एयरलाइंस को कई बार ईमेल भेजे और यह जानने की कोशिश की कि बैग का ताला कब और कैसे टूटा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यात्री लगेज एयरलाइन के पास होता है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होती है। कई बार संपर्क करने के बाद इंडिगो की ओर से सिर्फ इतना कहा गया कि मामले की जांच की जा रही है।
इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से दिए गए जवाब में कहा गया है कि संबंधित टीम के साथ मिलकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और इसे जल्द से जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्री को जल्द ही अपडेट दिए जाने की बात कही गई है। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर लगेज हैंडलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रियों में चिंता बढ़ गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img