Noida: मोबाइल चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत दो बदमाश गिरफ्तार

Noida: मोबाइल चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत दो बदमाश गिरफ्तार

नोएडा। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी और बंद घरों में सेंधमारी करने वाले सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए उसके सरगना समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 21 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नगदी रकम और दो चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ नोएडा और दिल्ली में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि हाल के दिनों में झुंडपुरा गांव से लैपटॉप चोरी, सेक्टर-12 के एक मकान से पानी की टोंटियों की चोरी और सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चोरी की कई शिकायतें सामने आई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसीपी स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने सेक्टर-11 नाले के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान बरेली के नगरिया गांव निवासी श्याम उर्फ भूरा और दिल्ली के मयूर विहार निवासी चंद्रशेखर उर्फ राजू के रूप में हुई। श्याम वर्तमान में नोएडा के फेज-1 थाना क्षेत्र की जेजे कॉलोनी में रह रहा था। श्याम की उम्र 24 वर्ष है और उसके खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि 21 वर्षीय चंद्रशेखर के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार श्याम वर्ष 2017 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल है और कई बार जेल जा चुका है। करीब तीन साल पहले चंद्रशेखर का संपर्क श्याम से हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर चोरी की वारदातें शुरू कर दीं। दोनों आरोपी नोएडा के साथ-साथ दिल्ली में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

एडिशनल डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि गिरोह का सरगना श्याम अपने साथियों के साथ साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय रहता था। वहां से मोबाइल चोरी कर वह अपने नेटवर्क के जरिए बेहद कम कीमत पर राहगीरों और कुछ दुकानदारों को बेच देता था। पुलिस को जानकारी मिली है कि दिल्ली के कुछ दुकानदार चोरी के मोबाइल खरीदते थे, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पीजी में कमरा देखने के बहाने घुसते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। अधिकतर वारदात सुबह पांच से आठ बजे के बीच की जाती थी। विरोध होने पर लोगों को डराने के लिए आरोपी अपने पास चाकू रखते थे, जो गिरफ्तारी के समय भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक श्याम अब तक 100 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। जेल से छूटने के बाद वह नए युवकों को अपने गिरोह में शामिल करता और दोबारा अपराध शुरू कर देता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और चोरी का माल खरीदने वालों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img