उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Property Fraud: फर्जी फ्लैट सौदे में 10 लाख रुपये की ठगी, मारपीट का भी आरोप, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

Noida Property Fraud: फर्जी फ्लैट सौदे में 10 लाख रुपये की ठगी, मारपीट का भी आरोप, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

नोएडा। फर्जी तरीके से फ्लैट बेचने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद एक व्यक्ति और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने फ्लैट ट्रांसफर के नाम पर उससे बड़ी रकम ले ली, लेकिन बाद में न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए, उल्टा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

शिकायतकर्ता दीपक चौहान के अनुसार उन्हें अपने निजी उपयोग के लिए एक फ्लैट की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात विशन सिंह नामक व्यक्ति से हुई, जो पैरामाउंट गोल्फ मार्ट स्थित एक प्रॉपर्टी ऑफिस में उनसे मिला था। विशन सिंह ने खुद को एल्डिको मिस्टिक ग्रीन्स, ओमीक्रोन-1 स्थित एक फ्लैट का मालिक बताते हुए उसे बेचने की पेशकश की। बातचीत के बाद 20 जुलाई 2025 को 13.75 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और मौके पर ही 50 हजार रुपये नकद बतौर बयाना लेकर एग्रीमेंट टू सेल कराया गया।

दीपक चौहान का कहना है कि इसके बाद 23 जुलाई को उनकी पत्नी के बैंक खाते से आरटीजीएस के माध्यम से पांच लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसी दौरान आरोपी ने बताया कि संबंधित फ्लैट पर आईसीआईसीआई बैंक का 5.55 लाख रुपये का लोन बकाया है, जिसे क्लोज किए बिना फ्लैट का ट्रांसफर संभव नहीं होगा। आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए दीपक ने उसे 4.50 लाख रुपये और दे दिए, ताकि बैंक लोन बंद कराया जा सके।

पीड़ित के अनुसार 28 अक्टूबर 2024 को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने फ्लैट का टीएम उसके नाम पर कर दिया। इस तरह कुल मिलाकर उसने आरोपी को करीब 10 लाख रुपये सौंप दिए। इसके बाद जब उसने ट्रांसफर डीड और रजिस्ट्री की मांग की तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब दीपक ने दबाव बनाया तो आरोपी ने 2 अगस्त 2025 को उसे पैरामाउंट गोल्फ मार्ट अंडरपास के पास बुलाया, जहां उसके साथ गाली-गलौज की गई और लाठी-डंडों से हमला भी किया गया।

पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन जब कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button