Noida Crime: साप्ताहिक बाजारों में मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, दो बदमाश गिरफ्तार

Noida Crime: साप्ताहिक बाजारों में मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, दो बदमाश गिरफ्तार

नोएडा। साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय मोबाइल चोर गिरोह का कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन, एक तमंचा, एक चाकू और कारतूस सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान हमीरपुर निवासी राजा और निठारी निवासी सुजीत के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को सोमवार को सेक्टर-31 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साप्ताहिक बाजारों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों को अपना निशाना बनाते थे। वे लोगों की जेब या हाथ से मोबाइल फोन चुराकर मौके से फरार हो जाते थे। चोरी के बाद मोबाइल फोन को बेचकर नशे की जरूरतें पूरी की जाती थीं।

एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में पहले से मुकदमा दर्ज है। वहीं आरोपी राजा पूर्व में भी जेल जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन के संबंध में यह जांच की जा रही है कि वे किन-किन मामलों में चोरी किए गए थे। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी बड़े गिरोह से संपर्क तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस का कहना है कि इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img