Crime Case: कारोबारी से मारपीट और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
Crime Case: कारोबारी से मारपीट और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
नोएडा के सेक्टर-143 स्थित एक निर्माण कंपनी के संचालक ने कई लोगों पर मारपीट, धमकी और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित हेमंत मल्होत्रा ने पुलिस को बताया कि वह स्टोन ब्रिक्स नामक फर्म के प्रोपराइटर हैं और उनकी कंपनी संपत्ति निर्माण एवं विकास का काम करती है। उनके अनुसार गुरुग्राम निवासी ललित चौहान ने अपनी एक बिल्डिंग के निर्माण और विकास कार्य के लिए उनसे संपर्क किया था। हेमंत के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच 9 अक्टूबर 2025 को निर्माण कार्य को लेकर अनुबंध हुआ था। समझौते के बाद कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया, लेकिन आरोप है कि ललित चौहान के भाई योगेश चौहान ने निर्माण स्थल पर लगातार हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि योगेश चौहान कामगारों और मिस्त्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करता था और उन्हें काम छोड़ने की धमकी देता था। इसके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हेमंत ने बताया कि कई बार बातचीत के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि एक बैठक के दौरान योगेश चौहान ने रिवॉल्वर निकालकर उन्हें धमकाया और बिना अतिरिक्त भुगतान के काम पूरा करने का दबाव बनाया। इसके बाद दिसंबर 2025 में दोनों पक्षों के बीच नया समझौता भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। पीड़ित का आरोप है कि मार्च 2026 में उनके सुपरवाइजर राजा प्रताप सिंह तोमर के आवास का ताला तोड़कर लैपटॉप, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। इस संबंध में गुरुग्राम पुलिस को शिकायत भेजी गई थी। हेमंत का आरोप है कि इसके बाद भी निर्माण स्थल पर लगातार हस्तक्षेप जारी रहा। उन्होंने बताया कि योगेश चौहान ने एक बार स्कूल भवन के पास उनकी हत्या का प्रयास किया और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही निर्माण सामग्री और उपकरण चोरी करने की झूठी शिकायत दर्ज कराने का भी आरोप लगाया गया। पीड़ित के अनुसार 21 मई 2026 को योगेश चौहान अपने कुछ साथियों के साथ सेक्टर-142 क्षेत्र में पहुंचे और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और रिवॉल्वर कनपटी पर लगाकर पांच लाख रुपये की मांग की गई। हेमंत ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने खाते में केवल पांच हजार रुपये होने की बात कही तो आरोपियों ने कथित रूप से जबरन पांच हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत की और कोर्ट का सहारा लिया। सेक्टर-142 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

