Dadri Bus Stand: दादरी के भीतर से गुजरेंगी रोडवेज बसें, बस अड्डे पर एंट्री के लिए दो कर्मचारी तैनात
Dadri Bus Stand: दादरी के भीतर से गुजरेंगी रोडवेज बसें, बस अड्डे पर एंट्री के लिए दो कर्मचारी तैनात
नोएडा। दादरी नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब लंबी दूरी की वे सभी रोडवेज बसें, जो अब तक दादरी बाइपास से होकर गुजरती थीं, उन्हें नगर के भीतर स्थित दादरी बस अड्डे से होकर गुजरना होगा। इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बस अड्डे के प्रवेश द्वार पर दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो प्रत्येक बस की एंट्री सुनिश्चित करेंगे। दादरी नगर के प्रमुख तिराहे पर स्थित रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र है। हालांकि दादरी बाइपास बनने के बाद अधिकांश लंबी दूरी की बसें नगर में प्रवेश किए बिना सीधे बाइपास से निकलने लगी थीं। इससे स्थानीय यात्रियों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा था और उन्हें दूसरे स्थानों तक जाने में अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ता था। नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार परिवहन निगम के अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को उठाया था। लोगों का कहना था कि बसें नगर के भीतर से गुजरें, ताकि यात्रियों को आसानी से बस सेवा उपलब्ध हो सके। लगातार मिल रही शिकायतों और मांगों को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने अब नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार निगम ने सभी बस चालकों और परिचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे दादरी बस अड्डे पर निर्धारित रूप से बस लेकर आएं। यात्रियों को बस में चढ़ाने और उतारने के बाद ही बसों को आगे रवाना किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत दादरी बस अड्डे के मुख्य प्रवेश द्वार पर परिवहन निगम की ओर से एक चेक पोस्ट स्थापित की गई है। यहां तैनात कर्मचारी प्रत्येक बस की एंट्री दर्ज करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बस बाइपास मार्ग का उपयोग कर नगर को नजरअंदाज न करे। सिकंदराबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) दिनेश कुमार ने बताया कि दादरी से गुजरने वाली प्रत्येक बस की बस अड्डे पर एंट्री अनिवार्य की गई है। किसी भी स्थिति में बसों को बाइपास से नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दो कर्मचारियों को एंट्री व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात किया गया है और आवश्यकता पड़ने पर एक अतिरिक्त कर्मचारी की भी तैनाती की जाएगी। परिवहन निगम के इस निर्णय का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बसों की उपलब्धता बढ़ेगी और दादरी के नागरिकों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अधिक विकल्प प्राप्त होंगे।