MNREGA Bachao Sangram: गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने छेड़ा मनरेगा बचाओ संग्राम, सरकार पर योजना कमजोर करने का आरोप

MNREGA Bachao Sangram: गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने छेड़ा मनरेगा बचाओ संग्राम, सरकार पर योजना कमजोर करने का आरोप

गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को “मनरेगा बचाओ संग्राम” की शुरुआत करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम देश के करोड़ों ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि सम्मान और आजीविका का आधार है, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियों के चलते इस कानून को लगातार कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा का बजट घटाया जा रहा है, मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, जॉब कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं और काम की मांग के बावजूद रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जो संविधान और कानून की मूल भावना के खिलाफ है। दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और जनहित से जुड़ी इस योजना को बचाने के लिए सड़क से लेकर पंचायत स्तर तक संघर्ष करेगी। उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सूरजपुर पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण अनशन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मजदूर, किसान और आम नागरिक भी शामिल होंगे।

इसके अलावा 12 जनवरी से 29 जनवरी तक जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतों में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जहां ग्रामीणों और मनरेगा लाभार्थियों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जब तक मनरेगा को पूरी तरह लागू नहीं किया जाता, बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं होता और मजदूरों के अधिकार सुरक्षित नहीं होते, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा। प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ने आम जनता, मजदूर संगठनों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कानून को बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img