राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Golf Course: नोएडा के सेक्टर-151ए गोल्फ कोर्स प्रोजेक्ट में देरी, 132 करोड़ की परियोजना अब तक 65 प्रतिशत ही पूरी

Noida Golf Course: नोएडा के सेक्टर-151ए गोल्फ कोर्स प्रोजेक्ट में देरी, 132 करोड़ की परियोजना अब तक 65 प्रतिशत ही पूरी

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी गोल्फ कोर्स परियोजना एक बार फिर देरी का शिकार हो गई है। सेक्टर-151ए में विकसित किए जा रहे इस अत्याधुनिक गोल्फ कोर्स का निर्माण कार्य वर्ष 2021 में शुरू हुआ था, लेकिन लगभग पांच वर्ष बीतने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। वर्तमान में निर्माण कार्य केवल 65 प्रतिशत तक ही पूरा हो पाया है। भूमि अधिग्रहण में आ रही बाधाओं और संविदाकार की लापरवाही को परियोजना में देरी का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार यह गोल्फ कोर्स परियोजना करीब 4,60,843 वर्गमीटर यानी 113.87 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 132.49 करोड़ रुपये है। इसमें सिविल कार्यों पर 100.08 करोड़ रुपये, विद्युत कार्यों पर 20.65 करोड़ रुपये तथा उद्यान एवं लैंडस्केपिंग कार्यों पर 12.13 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है।

प्राधिकरण ने इस परियोजना का निर्माण कार्य 1 जुलाई 2021 को शुरू कराया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं हो सका। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति 65 प्रतिशत जबकि वित्तीय प्रगति 53 प्रतिशत दर्ज की गई है। परियोजना क्षेत्र में आवश्यकतानुसार डिजाइन और कार्यों में बदलाव तथा कुछ भूमि का अधिग्रहण लंबित रहने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि ग्राम कामबक्शपुर और ग्राम झट्टा की कुछ भूमि का अधिग्रहण अब भी शेष है। ग्राम कामबक्शपुर के खसरा संख्या 74, 295, 99, 101, 98, 90, 106, 107, 91 और 68 तथा ग्राम झट्टा के खसरा संख्या 456 की भूमि का अधिग्रहण अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। भूलेख विभाग द्वारा इन भूखंडों के अर्जन की प्रक्रिया जारी है, जिसके पूरा होने के बाद परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है।

नोएडा प्राधिकरण ने यह भी स्वीकार किया है कि निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई। संविदाकार की धीमी कार्यशैली और लगातार हो रही देरी को देखते हुए प्राधिकरण ने संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उसे काली सूची में डालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्राधिकरण अब परियोजना के शेष कार्यों को पूरा कराने के लिए नई रणनीति पर काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार बचे हुए निर्माण कार्यों के लिए अलग से नया टेंडर जारी करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आवश्यक आगणन को सक्षम स्तर से मंजूरी मिल चुकी है। एनआईटी स्वीकृत होने के बाद नई निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी और नए अनुबंध के तहत शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा।

गोल्फ कोर्स परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा को एक विश्वस्तरीय खेल एवं मनोरंजन सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह परियोजना क्षेत्र के रियल एस्टेट और पर्यटन विकास को भी नई गति प्रदान कर सकती है। फिलहाल लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वर्षों से लंबित यह परियोजना आखिर कब पूरी होती है।

Related Articles

Back to top button