Uttar Pradesh : बुलंदशहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना ‘मन की बात’, प्रधानमंत्री के संदेशों से मिली प्रेरणा

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण का उत्साह के साथ श्रवण किया। जनपद में सभी विधानसभाओं के अंतर्गत विभिन्न बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा अपने-अपने बूथों पर उत्साहपूर्वक श्रवण किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने देशभर में समाज हित में कार्य कर रहे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों और सकारात्मक जन आंदोलनों का उल्लेख करते हुए राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने हाल ही में नीदरलैंड दौरे के दौरान राजा राजेंद्र चोल प्रथम के समय के ऐतिहासिक ताम्र पत्रों की भारत वापसी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वभर में बसे भारतीयों, विशेषकर तमिल समुदाय ने इस विरासत को वापस लाने के लिए उन्हें अनेक पत्र लिखे थे। यह भारत की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और सम्मान का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने केरल के एक ऐसे व्यक्ति की प्रेरणादायी कहानी भी साझा की, जिन्होंने नौका दुर्घटना में विद्यार्थियों की मृत्यु की घटना के बाद बच्चों को तैराकी सिखाने का संकल्प लिया। आज वे हजारों विद्यार्थियों को तैराकी का प्रशिक्षण देकर जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बस्ती निवासी आकाश गुप्ता का भी उल्लेख किया, जिन्होंने अपने मित्रों के साथ मिलकर गंदगी से भरी मनोरमा नदी की सफाई का अभियान शुरू किया। आज यह जनआंदोलन का रूप ले चुका है और सैकड़ों लोग इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के नगरकोइल की गिरिजा अम्मा द्वारा संचालित विद्यालय का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां के विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष एक-एक रुपया बचाकर सैनिक कल्याण हेतु 40 लाख रुपये की राशि एकत्र की और उन्हें समर्पित की। यह राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव का अद्भुत उदाहरण है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ने धावक सरदार गुरिंदर वीर सिंह एवं अनिमेष कुंजू का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि इन खिलाड़ियों ने 100 मीटर दौड़ में तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।

जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरण का अभियान बन चुका है। यह कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरणा देने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध भी कराता है। जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए ये सभी उदाहरण इस बात के प्रमाण हैं कि सामान्य नागरिक भी अपने संकल्प, सेवा और समर्पण से समाज में असाधारण परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन प्रेरणादायी कहानियों से सीख लेकर समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मविश्वास, सांस्कृतिक गौरव और जनभागीदारी के नए युग की ओर अग्रसर है तथा ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर पुनीत ठाकुर, एके सिंह, मित्रपाल सिंह, योगेश राघव, शिवेंद्र सिंह, रॉबिन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img