यूपी ने असम को 3-0 से हराया

अमर सैनी

नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राजमाता जीजाबाई ट्रॉफी के लिए 29वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का दूसरा दिन शनिवार को खेला गया। दूसरे दिन उत्तर प्रदेश बनाम असम और भारतीय रेलवे बनाम आंध्र प्रदेश के बीच मैच खेला गया। मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए यूपी ने असम को 3-0 और भारतीय रेलवे ने आंध्र प्रदेश को 12-1 से हराया। चैंपियनशिप का फाइनल मैच 14 अक्टूबर को खेला जाएगा।

गौतमबुद्ध नगर फुटबॉल एसोसिएशन के जिला सचिव वाजिद अली ने बताया कि शनिवार को पहला मैच उत्तर प्रदेश बनाम असम के बीच खेला गया। शुरुआत से ही यूपी के खिलाड़ी असम की टीम पर हावी रहे। ज्यादातर गेंदें गोल पोस्ट के बाहर या गोलकीपर के हाथ में जा रही थीं। पहले हाफ की समाप्ति पर उत्तर प्रदेश और असम की टीमें 0-0 से बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ के शुरू होते ही उत्तर प्रदेश के कोच ओम प्रकाश छिब्बर ने लंबे क्रॉस और थ्रू पास के जरिए नई रणनीति के साथ खेलने के निर्देश दिए। इसके चलते उत्तर प्रदेश की टीम असम पर दबाव बनाने में सफल रही। खेल के 58वें मिनट में अमृता शर्मा ने 30 गज की दूरी से शानदार गोल कर उत्तर प्रदेश के लिए स्कोर 1-0 कर दिया। खेल के 87वें मिनट में नैंसी ने गोल कर उत्तर प्रदेश के लिए स्कोर 2-0 कर दिया तथा खेल के 89वें मिनट में विंगर मुस्कान खान ने गोल कर उत्तर प्रदेश के लिए स्कोर 3-0 कर दिया। उत्तर प्रदेश की ओर से कैप्टन गोलकीपर सोनाक्षी सिंह व स्टॉपर तमन्ना ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। उत्तर प्रदेश ने असम को 3-0 से हरा दिया। वहीं दूसरा मैच इंडियन रेलवे बनाम आंध्र प्रदेश के बीच खेला गया। इंडियन रेलवे की टीम ने खेल शुरू होते ही आंध्र प्रदेश की टीम पर आक्रमण करना शुरू कर दिया। युमनाम कमला देवी ने खेल के 5वें, 19वें, 25वें, 27वें, 37वें, 68वें व 73वें मिनट में 7 गोल किए। जबामनी टुडू ने 30वें मिनट में गोल कर इंडियन रेलवे का स्कोर 8-0 कर दिया। बोचा दसारी अनीता ने 45वें मिनट में आंध्र प्रदेश के लिए गोल कर स्कोर 8-1 कर दिया। पहले हाफ की सीटी बजने पर रेलवे की टीम 8-1 से आगे थी। दूसरे हाफ के शुरू होते ही रेलवे के खिलाड़ियों ने आक्रमण शुरू कर दिया। दीपानिता डे ने खेल के 79वें और 90वें मिनट में 2 गोल कर रेलवे का स्कोर 12-1 कर दिया। इस तरह रेलवे की टीम 12-1 से जीत गई। इस दौरान यूपी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद शाहिद, संयुक्त सचिव भूपेंद्र सिंह, गौतमबुद्ध नगर के सचिव वाजिद अली, यूपी फुटबॉल टीम के चीफ मैनेजर बिल्लू चौहान, सचिव मेराज खान, आरिफ नाजमी, मिर्जाबेग राणा अनवर आदि मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img