उत्तर प्रदेश : 29 मार्च को सपा की ‘समानता भाईचारा रैली’, अखिलेश यादव करेंगे संबोधित; 2027 चुनाव का होगा शंखनाद

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के दादरी में समाजवादी पार्टी 29 मार्च को ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ का आयोजन करने जा रही है। इस रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। आयोजकों का दावा है कि यह रैली न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ा राजनीतिक संदेश देगी बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी साबित होगी।
रैली के आयोजक राजकुमार भाटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेश के 32 जिलों की 140 विधानसभा क्षेत्रों से लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह रैली सर्वधर्म, सर्वजाति और सर्वसमाज की भागीदारी के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें खास तौर पर ‘पीडीए समाज’ की मजबूत उपस्थिति रहेगी। उनके अनुसार पीडीए में पिछड़ा, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिलाओं के साथ-साथ सामान्य वर्ग के वे लोग भी शामिल हैं जो वर्तमान शासन में खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं।
भाटी ने बताया कि रैली की तैयारियां लंबे समय से चल रही हैं और अगस्त 2025 से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ‘पीडीए चौपाल’ के जरिए लोगों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर राजनीतिक जागरूकता बढ़ाई गई है और रैली की सफलता के लिए जिला व विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है।
रैली के आयोजन में गुर्जर समाज की अहम भूमिका रहने की बात भी कही गई है। आयोजकों का दावा है कि इस आयोजन से गुर्जर समाज को प्रदेश की राजनीति में नई पहचान मिलेगी और यह रैली भीड़ के लिहाज से ऐतिहासिक साबित हो सकती है। उनका मानना है कि यह आयोजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।
इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिलाध्यक्ष मतलूब अली, कार्यवाहक जिला महासचिव कृष्णपाल यादव सहित अन्य नेता शामिल थे।





