उत्तर प्रदेश : जीआरपी मथुरा ने एक साल की बच्ची को सकुशल बरामद कर अपहरणकर्ता दबोचा

Mathura (सौरभ) : जीआरपी मथुरा पुलिस ने रविवार को सराहनीय कार्य करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस टीम ने एक साल की अपहर्ता बच्ची को सकुशल बरामद कर अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

फ्राइडे रात को हुआ था अपहरण

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे मथुरा जंक्शन से एक वर्षीय बच्ची सरस्वती का अपहरण कर लिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक यादराम सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची बरामद

पुलिस ने सुराग और तकनीकी जानकारी के आधार पर रेलवे स्टेशन आगरा कैंट खेरिया पुल के नीचे से आरोपी सतीश को दबोच लिया। उसके कब्जे से अपहरण की गई बच्ची सरस्वती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

आरोपी ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वर्ष 2016 में उसकी शादी हुई थी और उसकी पत्नी को लगातार चार बच्चे हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों की पेट में ही मौत हो गई। इसी कारण बच्चा पाने की लालसा में उसने मासूम सरस्वती का अपहरण कर लिया।

पुलिस जांच जारी

हालांकि पुलिस का कहना है कि अपहरण के पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। जीआरपी मथुरा जंक्शन द्वारा अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक कई गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी हो चुकी है।

परिजनों ने जताया आभार

बच्ची के परिजनों ने भावुक होकर पुलिस टीम का आभार जताया और कहा कि अगर पुलिस सक्रिय न होती तो उनकी बच्ची का पता लगाना मुश्किल हो जाता। वही बच्ची को पाकर उसकी मां पूजा खुशी के मारे झूम उठी और गोदी में लिए अपनी बच्ची को चूमती हुई नजर आई।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img