उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में स्कूटी सवार ने मासूम बच्ची को टक्कर मारी, CCTV VIDEO…

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे रोड की पंजाबी कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार स्कूटी ने चार साल की मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची हवा में कई फीट उछलकर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया।

बच्ची की मां ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। पंजाबी कॉलोनी निवासी सलोनी खरबंदा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी पवित्रा शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक अनियंत्रित स्कूटी सवार ने बच्ची को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही पवित्रा हवा में उछली और सड़क पर गिर गई। उसे सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे की पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। टक्कर मारने के बाद स्कूटी चालक बिना रुके वहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बच्ची को लहूलुहान हालत में देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button