Uttar Pradesh : हापुड़ में टायर बदल रहे जीप चालक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत

Hapur : हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एनएच-09 स्थित उपेड़ा फ्लाईओवर के ऊपर मंगलवार देर रात टायर बदल रहे जीप चालक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के जिला दौसा स्थित गांव लिलोज के बालाजी मंदिर के महंत भगवानदास (60) के रूप में हुई है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब पौने दो बजे एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम ने थाना बाबूगढ़ पुलिस को उपेड़ा फ्लाईओवर के ऊपर अज्ञात वाहन द्वारा जीप को टक्कर मारने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने चालक को जीप के पास पड़ा पाया। जीप के एक टायर पर जैक लगा हुआ था। आशंका है कि चालक पंचर हुए टायर को बदल रहा था, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस टीम ने घायल चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया और वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त जीप को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।





