Uttar Pradesh : हापुड़ में पैसे के लेनदेन के विवाद में दो युवकों ने किया जानलेवा हमला, शिवा गंभीर

Hapur : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी में पैसे के लेनदेन के विवाद में दो युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गढ़ रोड स्थित मोहल्ला सोटावाली निवासी अशोक ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार की रात करीब आठ बजे उनका भतीजा शिवा नवीन मंडी में मजदूरी करने के लिए गया था। आरोप है कि नवीन मंडी में पैसे के लेनदेन के विवाद में विजय निवासी मोहल्ला अंबेडकरनगर और मंजल निवासी मोहल्ला सोटावाली ने गाली गलौज कर उनके भतीजे के साथ मारपीट की।
आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नियत से शिवा के सिर में धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। परिजन शिवा को गढ़ रोड स्थित सीएचसी ले गए। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। अब शिवा का मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मंगलवार की दोपहर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि व्यक्ति की तहरीर पर विजय और मंजल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





