Rain: बारिश ने बिगाड़ी शहर की रफ्तार, जाम और बिजली कटौती से लोग रहे परेशान

Rain: बारिश ने बिगाड़ी शहर की रफ्तार, जाम और बिजली कटौती से लोग रहे परेशान
नोएडा। मंगलवार दोपहर हुई बारिश ने शहर की यातायात व्यवस्था और बिजली आपूर्ति की तैयारियों की पोल खोल दी। कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल बंद हो गए, जिससे घंटों तक जाम लगा रहा। वहीं कई सेक्टरों में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सेक्टर-100, सेक्टर-57 और अन्य प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल ठप होने के कारण कालिंदी कुंज, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, महामाया फ्लाईओवर और डीएनडी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई अंडरपास में जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
सेक्टर-62, मॉडल टाउन गोलचक्कर, सेक्टर-70 और लेबर चौक समेत कई स्थानों पर पानी भरने से वाहन खराब हो गए। ट्रैफिक पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं सेक्टर-73, 72, 119, 122, 52, 141, 145, गढ़ी शहदरा, सेक्टर-105, सेक्टर-12/22 और सेक्टर-21 सहित कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुछ स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर फुंकने और बिजलीघरों के आसपास जलभराव के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। इससे नाराज लोगों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।





