उत्तर प्रदेश : हापुड़ के ग्रीन वैली में जलभराव और नाली निर्माण को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण

Hapur News : हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित ग्रीन वैली क्षेत्र में जलभराव और नाली निर्माण की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लगातार मिल रही शिकायतों के क्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की टीम को नाला निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि नाली निर्माण अधूरा होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है। इससे आवागमन में परेशानी होती है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। क्षेत्र में बच्चों बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम अभिषेक पांडेय ने अधिकारियों को जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था लागू करने के आदेश भी दिए। साथ ही कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और भविष्य में दोबारा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। डीएम के इस निरीक्षण से क्षेत्रवासियों में समस्या समाधान की उम्मीद जगी है।





