Uttar Pradesh : हापुड़ डकैती में फरार दो बदमाशों पर डीआईजी ने 50-50 हजार का इनाम घोषित किया, पुलिस की दबिश जारी

Hapur : हापुड़ में प्रमुख उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर 1 जून को डकैती की घटना हुई थी। चार हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर परिजनों को बंधक बना लिया था। बदमाश सवा किलो आभूषण, नकदी, एक बाइक और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले की जांच के लिए मेरठ जोन की तीन और जनपद की चार टीमों सहित कुल सात टीमें गठित की गई थीं। रविवार रात को थाना देहात प्रभारी पारस मलिक और एसओजी की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर रोड पर मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिनमें दो घायल अवस्था में थे। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में यूपी पुलिस का निलंबित सिपाही विक्की गौतम भी शामिल था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए आभूषणों में से 24 लाख रुपये नकद, 10 चांदी के सिक्के, चार तमंचे, कारतूस, पांच मोबाइल फोन जिनमें लूटे गए मोबाइल भी शामिल थे, लूटी गई बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की बाइक बरामद की थी।
डकैती की इस वारदात में अभी भी दो बदमाश फरार हैं। पहले एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब डीआईजी कलानिधि नैथानी ने फरार बदमाशों उत्तराखंड के उधम सिंह नगर स्थित महालक्ष्मी कॉलोनी, रुद्रपुर निवासी श्याम और मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र की लोधी वाली गली, पीतल नगर निवासी मोहित पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस टीमें इन बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





