उत्तर प्रदेश : बेमौसम बारिश से मथुरा में फसलें तबाह, पूर्व विधायक कारिंदा सिंह ने किया दौरा, मुआवजे का दिलाया भरोसा

Mathura News : मथुरा जिले में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और प्राकृतिक आपदा ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में निराशा का माहौल है। किसानों के इस दुख-दर्द को समझने और जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक कारिंदा सिंह रविवार को प्रभावित गांवों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने खेतों में जाकर बर्बाद हुई फसलों का निरीक्षण किया और किसानों को हर संभव सहायता तथा उचित मुआवजे का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान कारिंदा सिंह ने अपने समर्थकों के साथ आन्यौर, जतीपुरा, गाँठोली, सौंख, मगोर्रा और राधाकुंड सहित कई गांवों का सघन निरीक्षण किया। खेतों में कटी पड़ी और बारिश से भीगी फसलों को देखकर उन्होंने गहरी चिंता जताई। किसानों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि इस आपदा ने उनकी आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है और आगे की खेती भी संकट में पड़ गई है।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक ने मौके से ही प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द से जल्द राजस्व सर्वे कराया जाए, नुकसान का सही आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाए ताकि कोई भी पात्र किसान मुआवजे से वंचित न रह सके।
किसानों को संबोधित करते हुए कारिंदा सिंह भावुक हो उठे और उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से हैं और फसल बर्बादी का दर्द अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि वे अकेले नहीं हैं और सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और वे इस मुद्दे को शासन स्तर पर उठाकर जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे।





