उत्तर प्रदेश : हापुड़ में कक्षा 7 की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले प्रधानाचार्य गिरफ्तार

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना हाफिजपुर क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा पर कक्षा सातवीं की 13 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ और उसके कपड़े उतारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने रविवार को आरोपी प्रधानाचार्य को रामपुर अंडरपास के पास फरार होने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा गांव के ही एक स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा है। शनिवार सुबह वह वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट लेने स्कूल गई थी। प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने रिजल्ट देने के बहाने उसे अपने कमरे में बुलाया। वहां आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं और जबरन उसके कपड़े उतारने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकी दी। डर के मारे छात्रा शोर मचाते हुए स्कूल से बाहर भागी और घर जाकर अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजनों ने तुरंत स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्य का विरोध किया। इस दौरान आरोपी ने परिजनों से अभद्र व्यवहार किया और जातिगत टिप्पणियां भी कीं। पीड़ित छात्रा के पिता ने हाफिजपुर थाने में राजकुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि प्रधानाचार्य रामपुर अंडरपास के पास खड़ा है और फरार होने की तैयारी कर रहा है। हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार की टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी छात्रा को अपने कमरे में बुलाकर अश्लील हरकत करने और कपड़े उतारने का प्रयास कर रहा था। मामले में POCSO एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img