राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास

Hapur News : थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति के घर में घुसकर आरोपी ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिवार ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह पेशे से ट्रक चालक है। चार फरवरी को वह ट्रक लेकर काम से पिलखुवा गया था। उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी और अन्य बच्चे गांव के मंदिर में भागवत कथा सुनने गए थे। वहीं, उसकी करीब 18 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। शाम करीब सात बजे पड़ोस में रहने वाला अर्जुन मौका पाकर उसके घर में घुस आया। विरोध पर आरोपित ने पुत्री को दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

इसी बीच पीड़ित की पत्नी व बच्चे घर पहुंच गए। इस दौरान आरोपी पुत्री को जबरन गोद में उठाकर कमरे के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद डरी-सहमी पुत्री को लेकर पीड़ित थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।

थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button