राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : मथुरा में पुलिस मुठभेड़ में बावरिया गिरोह के दो इनामी डकैत ढेर, स्वाट प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल

Mathura News : जिले में बुधवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में अंतरराज्यीय बावरिया गिरोह के दो कुख्यात डकैत मारे गए। मृत बदमाशों की पहचान धर्मवीर उर्फ लंबू और राजेंद्र उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। दोनों अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह मुठभेड़ यमुना एक्सप्रेस-वे के पास तेंटीगांव अंडरपास के समीप हुई।

पुलिस के अनुसार, धर्मवीर उर्फ लंबू राजस्थान के भरतपुर का निवासी था और उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश में डकैती, हत्या के प्रयास समेत 16 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वहीं राजेंद्र उर्फ पप्पू अलवर का रहने वाला था और उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में लूट और आर्म्स एक्ट के 11 मामले दर्ज थे। दोनों लंबे समय से बावरिया गिरोह के सक्रिय सदस्य थे, जो संगठित अपराध और क्रूर वारदातों के लिए कुख्यात माना जाता है।

बताया गया कि यह कार्रवाई 23 अप्रैल को तेंटीगांव में किराना व्यापारी अजय अग्रवाल के घर हुई डकैती के बाद की गई। वारदात के दौरान बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे थे और परिवार के सदस्यों, यहां तक कि एक मासूम बच्ची को भी रस्सियों से बांधकर करीब ढाई घंटे तक आतंक मचाया था। बदमाश करीब 20 लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट ले गए थे। साथ ही सबूत मिटाने के लिए घर की सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि डकैती के खुलासे के लिए पुलिस की 17 टीमें लगातार काम कर रही थीं। बुधवार सुबह पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश यू-टर्न लेकर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों को घायल कर दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का उपचार जारी है।

पुलिस ने मौके से डकैती का कुछ सामान, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं। एसएसपी के मुताबिक, बदमाश बेहद शातिर थे और किसी भी वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी किया करते थे। पुलिस का मानना है कि इन दोनों अपराधियों के मारे जाने से बावरिया गिरोह को बड़ा झटका लगा है। वहीं क्षेत्र के व्यापारियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर राहत जताई है।

Related Articles

Back to top button