Uttar Pradesh : हापुड़ में हिस्ट्रीशीटर राशिद लंबू की चाकुओं से हत्या

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित मोहल्ला अलीनगर की गली नंबर तीन में गुरुवार सुबह हिस्ट्रीशीटर राशिद लंबू की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मोहल्ले के ही पांच लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला अलीनगर निवासी राशिद लंबू सुबह दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने पहले से तैयार चाकुओं से राशिद पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राशिद को छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजन घायल राशिद को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह और थाना देहात प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

राशिद लंबू की हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस से सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अतिरिक्त निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img