Mother Tribute Event: नोएडा में दिव्यांग बच्चों की माताओं को सम्मान, जरूरतमंद बच्चों को मिले सहायक उपकरण
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा के सेक्टर 70 में फ़र्स्टवन रिहैब फाउंडेशन द्वारा “एक सम्मान माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल में किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य उन माताओं को सम्मानित करना था, जो अपने दिव्यांग बच्चों के लिए निरंतर त्याग, समर्पण और संघर्ष का उदाहरण पेश करती हैं। कार्यक्रम के जरिए समाज को यह संदेश दिया गया कि मां का योगदान सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह पूरे समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। इस मौके पर संस्था ने जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कई उपयोगी उपकरण और अध्ययन सामग्री वितरित की। इनमें कूलर, पंखा, इलेक्ट्रॉनिक बुक, पज़ल, वॉकर, स्टिक और सीपी चेयर जैसी चीजें शामिल रहीं, जो बच्चों के दैनिक जीवन और उनकी पढ़ाई में मददगार साबित होंगी। कार्यक्रम के दौरान संस्था के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों को समाज में सम्मान और पहचान दिलाना भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाना बेहद जरूरी है।
इस दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए हैंडवॉश और ग्लास क्लीनर भी गिफ्ट के रूप में वितरित किए गए, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उन्हें घर पर बच्चों की एक्सरसाइज कराने के तरीके सिखाए गए, ताकि वे अपने बच्चों की बेहतर देखभाल कर सकें। खासतौर पर माताओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया, जिससे वे खुद को स्वस्थ रखकर बच्चों की देखभाल में किसी प्रकार की बाधा न आने दें। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. त्रिभुवन सिंह ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान एक मजबूत और स्वस्थ समाज की नींव है और यहां जो प्रयास किए जा रहे हैं, वह वास्तव में सराहनीय हैं। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब संस्था के सदस्यों ने अपने हाथों से बच्चों को भोजन कराया, जिसे उन्होंने अपने लिए गर्व और संतोष का पल बताया। अंत में संस्था ने यह संदेश दिया कि दिव्यांग बच्चे और उनकी माताएं समाज के लिए प्रेरणा हैं और उन्हें केवल थोड़ा सहयोग, सम्मान और अवसर देने की आवश्यकता है, ताकि वे भी आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी पहचान बना सकें।
Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल


